इंडिया गेट के इतिहास से जुड़ी कुछ जानकारियां हम आपको अपनी इंडिया गेट से जुड़ी पिछली रिपोर्ट में दे चुके हैं, लेकिन हम आपको अपनी इस रिपोर्ट में बताएंगे कि ये पर्यटन के लिहाज से भी लोगों के लिए कितना खास है। तभी यहां पर दिल्ली समेत देशभर के लोगों का जमावाड़ा हर समय देखने को मिलता है। अक्सर आपको यहां पर वीकेंड पर या किसी खास मौके पर लोगों का तांता देखने को मिलता है। वैसे भी परिवार वालों के साथ-साथ लोगों के लिए भी यह बेहद खास जगह है। तभी शायद लोग यहां पर समय बिताना पसंद करते हैं। ये जगह घूमने के लिए तो खास है ही, लेकिन यहां खाने पीने और एवं महिलाओं के साजों श्रंगार की चीजें भी खूब मिलती हैं।
इसके अलावा यहां आने वाले लोग कैमरे में अपने इन पलों को कैद करना और करवाना नहीं भूलते हैं। यहां आकर लोग आराम फरमाना पसंद करते हैं क्योंकि यहां आकर उनकी दिन भर की थकान छू-मंतर हो जाती है। जो लोग अकेले में समय बिताने की जगह ढूंढते उन्हें यहां आकर जरूर सुकून मिलता होगा। बारिश के मौसम में तो यहां आने का मजा ही कुछ और है। हल्की-हल्की फुहारों के बीच गर्म-गर्म भुट्टे देखकर आपका मन ललचा ही जाएगा। इसके अलावा भेलपुरी से लेकर गोल गप्पे और आइसक्रिम तक सभी खाने-पीने की चीजें यहां मौजूद है। यही वजह है कि इंडिया गेट लोगों का पसंदीदा स्पॉट बन गया है। तो आप अब भी दिल्ली आएं तो इंडिया गेट की सैर करना कभी ना भूलें।