Meghalaya Election 2023: मेघालय कांग्रेस इकाई के प्रमुख विन्सेंट ने कहा की मेघालय के लोग भाजपा पर भरोसा नहीं करते ! ईसाई धर्म पर दिया बड़ा बयान ……

कांग्रेस की मेघालय इकाई के प्रमुख विन्सेंट एच पाला ने दावा किया कि राज्य के लोग भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा नहीं करते हैं

विन्सेंट एच पाला ने  बीजेपी पर यह आरोप भी लगाया कि वह जिन राज्यों में सत्ता में है, वहां ईसाइयों को हाशिये पर डाल रही है। पाला ने कहा कि महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश या कर्नाटक और असम में भी ईसाइयों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जहां भी बीजेपी ने कदम रखा है, ईसाई हाशिये पर हैं। मेघालय में ईसाई आबादी का हिस्सा 75 प्रतिशत से अधिक है लेकिन वे बीजेपी पर भरोसा नहीं करते।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि बीजेपी ने केंद्र में अपने शासन के नौ साल बाद भी मेघालय के लोगों के लिए कुछ भी सराहनीय कार्य नहीं किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के लिए शिलांग का दौरा करना और योजनाओं और परियोजनाओं का उद्घाटन करना अच्छा हो सकता है, लेकिन उन्हें राजनीतिक टिप्पणी करने से बचना चाहिए क्योंकि यहां उनकी यात्रा का खर्च केंद्र सरकार की ओर से वहन किया जाता है।

पीएम मोदी के दौरे पर किया कटाक्ष

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री या गृह मंत्री स्टार प्रचारक के रूप में मेघालय की यात्रा कैसे कर सकते हैं, जब उनकी यात्रा का खर्च सरकार द्वारा वहन किया जा रहा है? ऐसी परियोजनाओं का शिलान्यास करिए जिनसे राज्य के लोगों को लाभ हो।

मेघालय के स्टार प्रचारकों में होंगे शशि थरूर

पाला ने यह भी जिक्र किया कि कांग्रेस आगामी चुनावों के लिए अपने स्टार प्रचारकों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और शशि थरूर भी कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में शामिल होंगे। हम नामों को अंतिम रूप दे रहे हैं… मेघालय से 20 अन्य लोगों को जोड़ा जाएगा।