Exit Polls 2023: त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड मे हो सकता है बड़ा फेरबदल, भाजपा को मिल सकती है खुशखबरी और लेफ्ट-कांग्रेस को लग सकता है पुर्वोत्तर मे झटका …… !

पूर्वोत्तर के तीनों विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजे सोमवार को सामने आ गए हैं। इसमें ज्यादातर एग्जिट पोल के मुताबिक बीजेपी को त्रिपुरा को बरकरार रखने, गठबंधन सहयोगी नेशनल डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) के साथ नागालैंड में सत्ता में वापसी करने और मेघालय में अपनी स्थिति में मामूली सुधार करने की उम्मीद है। दूसरी ओर कभी पूर्वोत्तर में दबदबा रखने वाली कांग्रेस तीन राज्यों में सफाया होने की कगार पर है।

पूर्वोत्तर में भाजपा ने खत्म किया कांग्रेस का पुराना दबदबा

मेघालय और नागालैंड में 27 फरवरी को मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद शाम को चार एग्जिट पोल के नतीजे आना शुरू हो गए थे। त्रिपुरा में 16 फरवरी को मतदान हुआ था। पूर्वोत्तर के तीनों राज्यों के चुनाव को लेकर आए एग्जिट पोल में साफ दिख रहा है कि भाजपा के लिए अच्छे संकेत हैं। तीनों राज्य में उसे फायदा मिलता दिख रहा है। वहीं, कभी दबदबे में रहने वाली पुरानी पार्टी कांग्रेस की जमीन खिसकती जा रही है। एग्जिट पोल के डाटा एनालिसिस में कांग्रेस के लिए पूर्वोत्तर से निराशा की खबर है।

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव 2023

एग्जिट पोल का विश्लेषण यह दिखाता है कि 2018 में त्रिपुरा में 36 सीटों पर जीत हासिल करने वाली बीजेपी इस बार पिछले चुनाव से आगे निकल सकती है। वहीं, शाही वंशज प्रद्योत देबबर्मा के नेतृत्व में बनी टिपरा मोथा को 13 सीटें मिलने का अनुमान है। टिपरा मोथा को इस चुनाव का किंगमेकर माना जाता था। वहीं त्रिपुरा में पहली बार कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ने रहे वाम दलों को सिर्फ 15 सीटों की उम्मीद दिख रही है। कांग्रेस के हाथ यहां कुछ लगता नहीं दिख रहा।

मेघालय विधानसभा चुनाव 2023

ज्यादातर एग्जिट पोल के मुताबिक मेघालय में 60 सदस्यीय विधानसभा में किसी भी पार्टी के आधे रास्ते को पार करने की भविष्यवाणी नहीं की गई है। चार एग्जिट पोल के कुल जोड़ के मुताबिक सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) 20 सीटों के साथ रुक सकती है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस जो नवंबर 2021 में कांग्रेस के 12 विधायकों के पार्टी में शामिल होने के चलते रातों-रात मेघालय में प्रमुख विपक्ष बन गई थी को एक्जिट पोल के औसत के मुताबिक 11 सीटों तक मिलता दिख रहा है। कांग्रेस के लिए यहां भी संभावनाएं न के बराबर हैं। दूसरी ओर, सत्ता में एनपीपी की सहयोगी रही और अलग से चुनाव लड़ी भाजपा की सीट संख्या 2 से 6 तक बढ़ सकती है।

नागालैंड विधानसभा चुनाव 2023

तमाम बड़े एग्जिट पोल के नतीजे में नागालैंड में एनडीपीपी की सरकार बनती दिखाई दे रही है। इसके साथ भारतीय जनता पार्टी सत्ता में सहयोगी है। इस गठबंधन को 60 में 44 विधानसभा सीटों पर जीत का अनुमान जताया गया है। अन्य दलों को अधिकतम 15 तक पहुंचने की संभावना है। वहीं लगभग सभी एग्जिट पोल में कभी दबदबे में रही कांग्रेस को काफी कम यानी सिंगल डिजिट या खाता तक नहीं खुल पाने की बातें कही गई हैं।